
बागेश्वर । जनपद में घरेलू गैस और आवश्यक ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू बनी हुई है और जिले के किसी भी क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी, बबलू पांडे ने बताया कि मंगलवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को वितरण करने के लिए कुल 1088 एलपीजी सिलेंडरों की खेप भेजी गई। बताया कि इण्डेन गैस सर्विस बागेश्वर द्वारा तहसील रोड, मजियाखेत गेट, रीमा, बीसा और गैराखेत के उपभोक्ताओं के लिए 468 सिलेंडर भेजे गए। वहीं इण्डेन गैस सर्विस गरुड़ के माध्यम से कुलाऊ, हरीनगरी, घेटी और भिलकोट क्षेत्रों में 200 सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त, कपकोट तहसील के दूरस्थ क्षेत्रों तीख और बदियाकोट में इण्डेन गैस सर्विस कपकोट द्वारा 100 सिलेंडर तथा काण्डा क्षेत्र के सिमगड़ी एवं सनगाड़ में इण्डेन गैस सर्विस काण्डा द्वारा 110 सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुँचाए गए।
शिखर भारत गैस सर्विस शामा के प्रबंधकों से प्राप्त इनपुट के आधार पर बताया गया कि लिंक रोड समय पर चालू न हो पाने के कारण गरुड़ लाइन में गैस का नियमित वितरण कार्य प्रभावित रहा, जिसके विकल्प के रूप में आज बागेश्वर बाजार, कपकोट, भराड़ी एवं फसाली क्षेत्रों में कुल 130 सिलेंडरों का सुरक्षित वितरण सुनिश्चित किया गया। दूसरी ओर, शुभम गैस एजेंसी गरुड़ द्वारा क्षेत्र के कठायतवाड़ा, बानरी, मण्डलसेरा, पीपलचौक, विवेकानन्द, भागीरथी बाईपास, कांडाधार, गैराड़, फल्याटी, गोमतीपुल, मेहनरबूंगा, बिलौना और नदीगांव समेत कई इलाकों में मुस्तैदी के साथ कुल 80 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान में बागेश्वर जनपद के कुल 14 पेट्रोल पंपों पर 86,483 लीटर डीजल तथा 86,151 लीटर पेट्रोल का स्टॉक उपलब्ध है।


