
बागेश्वर । तहसील सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के साथ बैठक कर जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने उनकी समस्याएं सुनीं।इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों आश्रितों के शिष्टमंडल द्वारा अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों के पेंशन प्रकरण पर त्वरित कार्यवाही किये जाने,राजकीय चिकित्सालयों में सरकार की ओर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को दी जाने वाली सुविधाओं का बोर्ड दर्शाये जाने , अस्पतालों में डॉक्टर द्वारा दवाई लिखी जाने वाले पर्चे पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अंकित किया जाने , एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों कि स्मृति में स्कूलों का नामकरण एवं शिलापट्ट लगाए जाने की मांग की ।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुना और प्राथमिकता के तहत निस्तारण किए जाने का आश्वासन दिया ।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में लगने वाले शिलापटों को 15 अगस्त तक लगाने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर इस कार्य को प्राथमिकता के तहत पूरा करने के निर्देश दिये । जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में विद्यालयों के नामकरण वाले लम्बित प्रकरणों पर अविलंब कार्रवाई की जाए। स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के घर पर सौर ऊर्जा लगाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत और पंचायतीराज विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं ।
बैठक में उपजिलाधिकारी मोनिका, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ कुमार आदित्य तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी जीएस सौन, तहसीलदार दलीप सिंह, निशा रानी, ईई जल संस्थान सीएस देवडी, ग्रामीण निर्माण विभाग संजय भारती, सिंचाई केके जोशी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित मौजूद थे।

