
बागेश्वर । सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिले में विभिन्न विभागों की ओर से जनजागरूकता, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं आयुष से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। शहरी विकास विभाग की ओर से नगर पंचायत क्षेत्र कपकोट और नगर पंचायत क्षेत्र गरुड़ में सिंगल यूज प्लास्टिक निषेध को लेकर अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को कूड़े के विभिन्न वर्गों में पृथक्करण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर इसके उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया।
सहकारिता विभाग की ओर से एमपैक्स दोफाड़, स्यालडोबा और खातीनगांव में कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्रता के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी।
पंचायतीराज विभाग की ओर से कांडा क्षेत्र में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छ वातावरण के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाली में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी देने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभागीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। वहीं आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की ओर से पं. बीडी पांडे परिसर, में योग आयुष नीति गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में योग एवं आयुष पद्धति के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।





