बागेश्वर – मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों की पहचान के लिए घर-घर पहुंच रहे बीएलओ

गरुड़ (बागेश्वर) । लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए।
अभियान के दौरान पूर्ववर्ती मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद वर्तमान मतदाता सूची में नाम नहीं मिलने वाले पात्र नागरिकों की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही, नए एवं पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की निर्धारित प्रक्रिया के संबंध में जानकारी एवं आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।
मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हर पात्र मतदाता का नाम जुड़े, लोकतंत्र और मजबूत बने।

Advertisements

Leave a Reply