
बागेश्वर जिले में दीपावली के पर्व पर किसानों के लिए खूब धन वर्षा हुई है। बता दें कि युवाओं के लिए उद्यान विभाग की हॉर्टिकल्चर टेक्नोलॉजी मिशन योजना वरदान बनकर सामने आई है। लगभग तीन हेक्टेयर भूमि में गेंदा फूल की खेती हो रही है और प्रति काश्तकार वर्ष में लगभग केवल फूलों की खेती से डेढ़ से दो लाख रुपए कमाने लगे हैं।
दीपावली के पर्व पर किसानों को लगभग 5 लाख रुपए की आमदनी हुई है और जिले में शादी तथा अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए भी पर्याप्त मात्रा में फूल उपलब्ध है। पहले से यह फूल हल्द्वानी, बरेली या फिर रामनगर से मंगाए जाते थे लेकिन अब बागेश्वर में ही फूलों की खेती पर्याप्त मात्रा में होती हैं। बता दे कि पुष्प उत्पादक मनकोट निवासी राजेश चौबे के अनुसार वह 20 नाली भूमि पर गेंदा फूल की खेती करते हैं उन्होंने दीपावली पर एक लाख से अधिक रुपए के फूल बेचे हैं और उनसे प्रभावित होकर उनके भाई ने भी फूलों की खेती शुरू कर दी है और दोनों मिलकर 50 नाली भूमि पर फूल उगा रहे हैं। इसके साथ ही हाइब्रिड गेंदा फूल का उत्पादन भी बढ़ रहा है और काश्तकारों की आय में वृद्धि हो रही है। क्षेत्र की जलवायु गेंदा फूल की खेती के लिए काफी बेहतर साबित हो रही है और अन्य सब्जियों के साथ मेढ़ पर भी गेंदा का उत्पादन किया जा सकता है क्योंकि यह कीटनाशक का कार्य भी करता है।

