
बागेश्वर । राज्य सरकार की जनोन्मुखी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को विकास भवन सभागार, बागेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में बागेश्वर विधायक पार्वती दास एवं नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने भी प्रतिभाग कर नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर में कुल 232 स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। इस दौरान 19 शिकायतें/समस्याएं अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों का योजनाओं में पंजीकरण भी किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं तत्परता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।

