
बागेश्वर । देहरादून में आयोजित खेल महाकुंभ में जिले के 10 खिलाडियों ने ताइक्वांडो एवं बैडमिंटन खेल में पांच स्वर्ण, एक रजत एवं चार कांस्य पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया है।युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि 13 दिसंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित अंडर-17 एवं अंडर-20 बालक वर्ग में जिले के पवन नेगी, प्रियांशु पांडे, योगेश कार्की, प्रदीप मेहता व बब्लू खेतवाल ने अंडर-17 ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक तो कार्तिक पांडे ने रजत पदक प्राप्त किया तथा राहुल पांडे व बालम बिष्ट ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं मोहित मेहरा व शुभम लोबियाल ने अंडर-20 बैडमिंटन प्रतियोगिता में कांस्य पद प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। राज्य स्तर पर जिले के खिलाडियों द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर विधायक पार्वती दास, सुरेश गढ़िया,जिलाधिकारी आशीष भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी समेत अन्य खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए युवाओं को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

