
बागेश्वर । जनपद में नागर स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसके साथ ही जनपद अंतगर्त निकायों में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो चुकी है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगई ने जिले के समस्त नगर निकायों में नागर स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2024-25 की अधिसूचना जारी होने की तिथि से मतगणना समाप्ति तक आदर्श आचार संहिता लागू करने का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश में जनपद की नगर पालिका परिषद बागेश्वर,नगर पंचायत कपकोट व नगर पंचायत गरुड़ के अध्यक्षों तथा उनके सदस्यों की निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत 27 दिसंबर से 30 दिसंबर तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों को प्राप्त करने की तिथि रहेगी। 31 दिसंबर व 1 जनवरी, 2025 को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। 2 जनवरी को सुबह 10 बजे से 4 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की वापसी होगी। 3 जनवरी को 10 बजे से 3 बजे तक निर्वाचन प्रतीक आवंटन किए जाएंगे तथा 23 जनवरी को सुबह 8 बजे से सांय 5 बजे तक मतदान व 25 जनवरी को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना होगी। उत्तराखंड शासन द्वारा नगर पालिका परिषद बागेश्वर एवं नगर पंचायत कपकोट व गरुड़ में अध्यक्षों एवं सदस्यों के पदों में अधिसूचित आरक्षण के अनुसार नगर पालिका परिषद बागेश्वर में अध्यक्ष पद अनारक्षित के साथ ही बिलौनसेरा, श्री सैम मंदिर, बागनाथ, ठाकुरद्वारा व कठायतबाडा में अनारक्षित, नारायणदेव व ज्वालादेवी में महिला, मंडलसेरा उत्तर व वैणीमाधव में अनुसूचित जाति तथा मंडलसेरा दक्षिण में अनुसूचित जाति महिला व माँ चंडिका वार्ड में अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए निर्वाचन होगा। नगर पंचायत कपकोट में अध्यक्ष पद पर महिला व मंडलखेत, कपकोट बाजार, भराडी व खीरगंगा में अनारक्षित तथा शिवालय व पालीडुंगरा में महिला एवं ऐठाण वार्ड में अनुसूचित जाति महिला के निर्वाचन होगा। वहीं नगर पंचायत गरुड़ में अध्यक्ष पद पर अन्य पिछड़ी जाति महिला तो गढ़सेर, नौघर व राम मंदिर दर्शानी में अनारक्षित तो फुलवारी गूंठ अनुसूचित जाति महिला, भकुनखोला अनुसूचित जाति, स्याल्दे में अन्य पिछड़ा वर्ग महिला व पाये गरुड़ गंगा वार्ड में महिला सीट पर निर्वाचन होगा।
नगर पालिका परिषद बागेश्वर व नगर पंचायत कपकोट एवं गरुड़ में नाम-निर्देशन पत्रों को प्राप्त करने, नाम-निर्देशन पत्रों की जाँच तथा वापसी एवं निर्वाचन प्रतीक आवंटन की कार्यवाही संबंधित क्षेत्र हेतु नियुक्त निर्वाचन अधिकारी (रिटर्निंग ऑफिसर) / सहायक निर्वाचन अधिकारी (असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर) द्वारा कार्यालय / न्यायालय उप जिलाधिकारी में की जायेगी तथा बागेश्वर में अध्यक्ष एवं सदस्य की मतों की गणना का कार्य निर्धारित तिथि व समय को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, पं० बद्रीदत्त पाण्डे परिसर बागेश्वर के हॉल में होगी। तथा कपकोट मतगणना में ओ०एन०जी०सी०भवन के भूतल में नवीन सभागार तो नगर पंचायत गरुड़ अंतर्गत
अध्यक्ष एवं सदस्य की मतों की गणना का कार्य निर्धारित तिथि व समय को विकास खण्ड कार्यालय गरूड़ में स्थित नवीन सभागार में होगा ।

