

बागेश्वर । लोक निर्माण विभाग कपकोट के अंतर्गत निर्माणाधीन वन टाइम अनुरक्षण मद के तहत लीली मोटर मार्ग में चल रहे डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य में गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत के बाद शनिवार को विभाग के सहायक अभियंता अंकुर सिंह मौके पर पहुँचे और निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनता और जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई शिकायतें सही पाई गईं।
उन्होंने बताया कि मौके पर पाया कि ठेकेदार द्वारा विभाग को पूर्व में कोई सूचना दिए बिना ही डामरीकरण का काम शुरू कर दिया गया था। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्य रोकने हेतु ठेकेदार और उनके प्रतिनिधियों को निर्देश जारी दिए हैं।
सहायक अभियंता ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब डामरीकरण का कार्य झाड़ी कटान, नाली सफाई और पटरियों की उचित व्यवस्था के उपरान्त ही आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यह कार्य विभागीय कनिष्ठ अभियंता और पर्यवेक्षक की अनिवार्य उपस्थिति में ही किया जाएगा। साथ ही बताया कि बीते दिन जो भी खराब गुणवत्ता वाला कार्य किया गया है, उसे पुनः सुधारा जाएगा ताकि सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।

