
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 काफी निकट आ गए हैं तथा चुनाव के दौरान प्रदेश में शत-प्रतिशत मतदान हो सके इसके लिए निर्वाचन आयोग काफी प्रयासरत है। उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद यह पांचवीं बार चुनाव होने जा रहे हैं और इस बार उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव में ऐसा पहली बार होगा जब गर्भवती महिलाएं डोली पर बैठकर वोट देने आएंगी।
यह योजना उन क्षेत्रों के लिए बनाई गई है जहां पर बर्फबारी व दुर्गम रास्ते के कारण गर्भवती महिलाएं और दिव्यांग व्यक्ति मतदान नहीं कर पाते। मगर इस बार गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगों के लिए डोली और डंडी- कंडी की व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। इस योजना का अधिक लाभ उत्तरकाशी के मोरी, भटवाडी तथा नौगांव ब्लॉक के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोग उठा पाएंगे। उत्तरकाशी जिले में 4216 महिलाएं ऐसी हैं जो गर्भवती हैं तथा 3255 दिव्यांग मतदाता है जिनके लिए डोली और डंडी- कंडी का प्रयोग किया जाएगा।

