एएसआई ने किया बड़ा दावा, लखुडियार की गुफाएं खोलेंगी आदिमानव कालीन रहस्य

अल्मोड़ा| जिले में प्रागैतिहासिक काल की लखुडियार गुफा के पास आदिमानव की एक नहीं कई गुफाएं मौजूद है| जिनमें प्राचीन सभ्यता के कई रहस्य छिपे हैं| इनकी जल्द खोज शुरू होगी| एएसआई ने इसका खुलासा करते हुए इन रहस्यों से जल्द पर्दा उठाने की बात की है| और इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी है|


भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के मुताबिक, अल्मोड़ा से 13 किमी दूर पेटशाल और बाड़ेछीना के बीच प्रागैतिहासिक काल की आदिमानव निर्मित कई गुफाएं हैं| जहां पूर्व में आदिमानव की एक गुफा की खोज हो चुकी है|
एएसआई का यह दावा है कि यहां ऐसी कई गुफाएं हैं जो हजारों साल पहले आदिमानवों का डेरा थी| इन गुफाओं में प्राचीन सभ्यता के कई रहस्य छुपे हुए हैं|


एएसआई ने प्रागैतिहासिक काल की गुफाओं की खोज करके प्राचीन सभ्यता के अनसुलझे रहस्यों से पर्दा उठाने की तैयारी शुरू कर दी है| जनवरी में वह लखुडियार क्षेत्र के 15 किमी दायरे में गुफाओं की खोज का अभियान चलाएंगे| पूर्व में हुए सर्वे में ऐसा एएसआई ने इस क्षेत्र में तीन गुफाएं तलाशी थी| जहां आदिमानव के रहने के प्रमाण मिले हैं| इन गुफाओं की खोज के बाद प्राचीन सभ्यता के कई रहस्यों से पर्दा उठेगा|