
अल्मोड़ा। इन दिनों अल्मोड़ा में एसएसपी प्रदीप कुमार राय के निर्देशानुसार विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले एवं शराब पीकर उत्पात मचाने वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही तेज कर दी है। सार्वजनिक स्थानों की शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस तेजी से कार्यवाही कर रही है। बता दें कि अपने अभियान के दौरान सोमेश्वर पुलिस ने क्षेत्र में गश्त करते हुए शराब पीकर उत्पात मचाने और सार्वजनिक स्थानों की शांति व्यवस्था भंग करने पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और गिरफ्तार किए हुए व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने पुलिस अधिनियम के तहत कार्यवाही की है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपित व्यक्ति से संयोजन शुल्क वसूला।नगर में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त कर चेकिंग अभियान चला रही है और बीते अक्टूबर माह से लेकर अब तक 2017 लोगों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न अधिनियमो में कार्यवाही भी की है तथा पुलिस का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।

