
कभी-कभी खुशियां मातम में बदलते देर नहीं लगती और एक ऐसी ही खबर आज फिर अल्मोड़ा से सामने आ रही है यहां ताकुला- अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर आज गुरुवार को एक सड़क हादसे में मासूम बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक दिल्ली नंबर की कार ताकुला से अल्मोड़ा की ओर जा रही थी इसी दौरान बसौली के पास अचानक वाहन चालक का नियंत्रण डगमगा गया और कार 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जब आसपास के लोगों ने आवाज सुनी तो वह मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया और तुरंत पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई इसके बाद बचाव अभियान चलाया गया। इस दुर्घटना में 11 माह के रेहान ,24 वर्षीय मंजू देवी और 45 वर्षीय दिनेश राम की मौके पर मौत हो गई वही पांच लोग महेश आर्य, गोपाल राम , जया, संजय कुमार और चालक अर्जुन कुमार घायल भी हुए हैं जिनका उपचार जारी है। यह लोग झिझाड़ गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे और वापस दिल्ली लौट रहे थे तभी रास्ते में यह दुर्घटना घट गई और शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

