अल्मोड़ा:- जिले के इस क्षेत्र में साढ़े तीन नाली जमीन से राजस्व विभाग ने हटाया अतिक्रमण

अल्मोड़ा। जिले में ऐसी खबर सामने आ रही है जहां रानीखेत में राजस्व विभाग द्वारा सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया है। रानीखेत में एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग ने अवैध रूप से किए गए कब्जे को हटाया है।

भत्रौजखान से लगे मोहनरी गांव के ग्रामीणों ने कुछ दिनों पहले कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और डीएम अल्मोड़ा विनीत तोमर को शिकायत दी थी जिसमें उन्होंने कहा था कि कुछ बाहरी लोगों द्वारा गांव में जमीन खरीद कर एक होटल बनाया गया है। होटल के निर्माण के दौरान सरकारी भूमि पर तारबाड़ कर कब्जा भी किया गया और कई पेड़ भी काटे गए। इस शिकायत के दौरान ग्रामीणों ने यह भी कहा कि गांव और मंदिरों को जाने वाले रास्ते भी कब्जे के बाद बंद हो गए हैं और विरोध करने पर होटल के कुछ लोगों ने उन पर झूठा मुकदमा करने व जान से मारने की धमकी दी। एसडीएम भिकियासैंण सीमा विश्वकर्मा के निर्देश पर तहसीलदार निशा रानी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंची और उन्होंने अवैध कब्जे को हटाया।