
अल्मोड़ा जिला बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है| जिसमें अल्मोड़ा में कमिश्नर का कैंप कोर्ट पुनर्स्थापित करने और अल्मोड़ा में वाणिज्य न्यायालय स्थापित करने की मांग की गई है|
बता दें, उत्तराखंड में वाणिज्य न्यायालय केवल देहरादून में ही संचालित होता है, जो की दुरुह भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस प्रदेश के आम जनमानस की पहुंच से बाहर व सुगम न्याय की अवधारणा के सर्वथा विपरीत है| जिससे वादकारियों को नुकसान हो रहा है और उन्हें दूर-दूर से मामले के सिलसिले के लिए बार-बार देहरादून जाना पड़ता है, जो कि इस दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाले लोगों की आर्थिक और भौगोलिक स्थितियों के सर्वथा प्रतिकूल है| इससे आम जनमानस के न्याय हित प्रभावित हो रहे हैं| कई बार आने-जाने की समस्या से न्याय प्रक्रिया भी प्रभावित हो जाती है| इसी को लेकर प्रत्येक जिला न्यायालय में वाणिज्य न्यायालय की स्थापना का अनुरोध किया गया है|
इसके अलावा अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में पूर्व के वर्षों में कुमाऊं कमिश्नर का कैंप न्यायालय संचालित होता था| जिससे वादकारियों को न्याय प्राप्त करने में आसानी होती थी| इसके बाद कुछ समय तक अपर आयुक्त अल्मोड़ा मुख्यालय में कैंप कोर्ट में वादों की सुनवाई किया करते थे| जिससे आम जनमानस को न्याय पाने में आसानी होती थी, लेकिन विगत 5 वर्षों से ज्यादा समय से अल्मोड़ा में आयुक्त व अपर आयुक्त का कैंप कोर्ट बंद कर दिया गया है, जिससे वादकारियों को नुकसान हो रहा है और उन्हें मामले में तिथि प्राप्त करने के लिए भी नैनीताल जाना पड़ता है| जो कि इस दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाले लोगों की आर्थिक व भौगोनिक स्थितियों के सर्वथा प्रतिकूल है|
अधिवक्ताओं के अनुसार, एक तरफ जहां शासन छोटी-छोटी जगह में तहसीलों की स्थापना कर घर-घर तक न्याय पहुंचने की व्यवस्था कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ लंबे समय से स्थापित न्यायालय को बंद कर दिया गया है| जिससे आम गरीब जनता के न्याय हित प्रभावित हो रहे हैं और कई बार आने-जाने की समस्या से न्याय प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है| इस समस्या को लेकर जिला बार एसोसिएशन अल्मोड़ा के अधिवक्ताओं द्वारा पूर्व में भी सरकार का ध्यानाकर्षण किया गया, जिसका कोई संज्ञान नहीं लिया गया|
अब जिला बार एसोसिएशन द्वारा अनुरोध किया गया है कि अभिलंब इस समस्या के समाधान हेतु कार्रवाई सुनिश्चित की जाए व अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में कमिश्नर का कैंप कोर्ट पुनर्स्थापित किया जाए|
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश चंद्र सिंह परिहार, उपाध्यक्ष कविंद्र पंत, महिला उपाध्यक्ष भावना जोशी, सचिव दीप चंद्र जोशी, उपसचिव प्रेम आर्य, कोषाध्यक्ष रोहित बिष्ट, सह-कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार, संप्रेक्षक चंदन बगड़वाल, पुस्तकालयाध्यक्ष लवली दास्पा शामिल रहे|

