
अल्मोड़ा। जिले में नगर क्षेत्र के अंतर्गत तेंदुए ने दहशत मचाई हुई है जिससे कि लोगों में काफी भय का माहौल है। दूर- दराज के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए ने पहले से ही दहशत मचाई हुई थी मगर अब नगर क्षेत्र में भी आबादी वाले क्षेत्रों में तेंदुए का भय देखने को मिल रहा है। नगर की घनी आबादी वाले जोशी खोला क्षेत्र में एक साथ दो तेंदुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं और उनकी गुर्राहट से लोगों की नींद उड़ी हुई है। दोनों तेंदुए आर्य कन्या इंटर कॉलेज के पास एक मकान की छत पर चहल कदमी करते हुए देखें गए और यह वीडियो वायरल होने के चलते लोगों में काफी दहशत फैल गई है। स्कूल के नजदीक वन्य जीवों की मौजूदगी से छात्राएं और अभिभावक चिंतित हैं सीसीटीवी फुटेज में तेंदुए स्कूल के पास एक मकान के छत पर घूमते हुए देखे गए। रिहायशी इलाके में तेंदुओं का दिखना काफी चिंताजनक है, खासकर छात्राओं और विद्यालय के अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है ऐसे में वन विभाग की टीम भी क्षेत्र में गश्त कर रही है और उन्होंने लोगों से अपील की है कि तेंदुआ दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें तथा लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की गई है।





