
अल्मोड़ा जिले में इन दिनों 33 और 11 केवी लाइनों के ऊपर से गुजर रहे पेड़ों की टहनियों की लापिंग की जा रही है जिसके चलते बीते कई दिनों से जिले के अलग-अलग क्षेत्र के लोगों को बिजली से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बीते बुधवार को भी अल्मोड़ा नगर तथा उसके आसपास के गांव को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम की ओर से यह लापिंग करवाई जा रही है और लापिंग के चलते बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। उपभोक्ताओं को दीपावली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सके इसके लिए इन दिनों निगम की ओर से कवायद की जा रही है। बुधवार को यूपीसीएल के संस्थान लक्ष्मेश्वर और खत्याडी से निकलने वाली 11 और 33 केवी लाइनों को छू रहे पेड़ों की लापिंग की गई। इस दौरान तिलकपुर, थपालिया, खोल्टा समेत अन्य क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही जिससे लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बिजली न होने के कारण नगर के मोहल्ले में पानी की सप्लाई करने वाले पंप भी ठप हो गए।

