
अल्मोड़ा। जिले के जागेश्वर धाम में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान देखने को मिला है। जागेश्वर में बरसाती नाले भी उफान पर आ गए और इससे दो बाइक बह गई। वहीं जटा गंगा के उफान में योग मैदान को जोड़ने वाला पुल भी बह गया। बाजार में मलबा घुसने के कारण व्यापारियों को भी काफी नुकसान हुआ।
जागेश्वर और धौलछीना में काफी बारिश हुई और बारिश ने आफत मचा दी। मुख्य बाजार में मलबा घुसने के कारण व्यापारी पूरी तरह से सहमे रह गए और आड़तोला तथा कोटेश्वर दोनों सड़कों के बंद होने के कारण जागेश्वर का संपर्क पूरी तरह कट चुका है। बाबा जागनाथ के दर्शन के लिए धाम पहुंचे 200 से अधिक श्रद्धालु भी वहीं फंसे रह गए। बुधवार शाम जिला मुख्यालय के साथ जागेश्वर और धौलछीना में हुई भारी बारिश के कारण यह नुकसान हुआ। बरसाती नाला भी उफान पर आ गया जो अपने साथ भारी मात्रा में मलबा बहा लाया है। बारिश के बीच जागेश्वर धाम को जोड़ने वाली आड़तोला सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं और इससे आवाजाही भी ठप हो गई।

