‘आप’ के बाद अब कांग्रेस ने भी जनता को तोहफे का किया वादा, कई शहरों में की घोषणाएं

कांग्रेस ने वादा किया कि अगर वह गुजरात की सत्ता में आती है तो किसानों के तीन लाख रुपए तक के कर्ज को माफ कर देगी| और उन्हें रोजाना 10 घंटे मुफ्त बिजली देगी| राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं| गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने कहा कि, उनकी पार्टी न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम दाम पर कृषि उत्पादन खरीद पर रोक लगाने के लिए कानून लाएगी| बताते चलें कि राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा की विरोधी कांग्रेस ने ये घोषणा राज्य में अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी द्वारा की गई घोषणाओं के कुछ दिन बाद की है| इससे पहले ‘आप’ ने घोषणा की थी कि अगर राज्य में उनकी सरकार बनती है तो 300 यूनिट बिजली हर महीने मुफ्त दी जाएगी साथ ही बेरोजगार युवाओं और 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को भत्ता दिया जाएगा| ठाकोर ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, सत्तारूढ़ भाजपा दावा करती है कि गुजरात ऊर्जा अधिकता वाला राज्य है| लेकिन किसानों को खेती के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है| कांग्रेस अगर सत्ता में आती है, तो किसानों को रोजाना 10 घंटे तक मुफ्त बिजली देगी| वह भी दिन के समय में| हम किसानों के खिलाफ लगाए गए जुर्माने और बिजली चोरी के मामले भी वापस लेंगे|