
देहरादून| उत्तराखंड में पांचवीं विधानसभा के स्पीकर पद के लिए हुए निर्वाचन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व कैबिनेट मंत्री विशन सिंह चुफाल, अरविंद पांडेय समेत 27 विधायक गायब रहे| इन ऐतिहासिक क्षणों में पार्टी के दिग्गज नेताओं की गैरमौजूदगी से सत्ता के गलियारे में कई प्रकार की चर्चाएं हो रही है| प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत ने शनिवार को जिस वक्त ऋतु खंडूरी के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की इस दौरान सदन में भाजपा के 19 विधायक ही मौजूद थे| भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को सरकार में जगह नहीं मिली| पिछली बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कैबिनेट में वरिष्ठ नेताओं की संख्या 3 थी| भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के भी मंत्री बनने की उम्मीद थी| लेकिन उन्हें भी बाहर रखा गया| विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव नई सरकार के गठन के बाद सबसे बड़ा इवेंट था| इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी,डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्य, चंदन रामदास, सौरभ बहुगुणा के साथ ही 19 विधायक मौजूद थे| पार्टी के जो वरिष्ठ नेता निर्वाचन की प्रक्रिया के दौरान सदन में नहीं थे उनमें कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक मदन कौशिक, पूर्व मंत्री बिशन सिंह चुफाल, पूर्व मंत्री अरविंद पांडे आदि शामिल है| इस दौरान कौशिक व चौफाल से संपर्क करने की कोशिश की गई पर दोनों नेताओं का फोन रिसीव नहीं हुआ|
