
देहरादून| इस वर्ष प्रदेश में चार धाम यात्रा पर आने वाले निजी वाहनों का भी पंजीकरण कराने की तैयारी चल रही है| इसके लिए परिवहन विभाग ने यात्रा के लिए एक सॉफ्टवेयर तैयार किया है| जिसके जरिए व्यापारिक वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी करने के साथ ही निजी वाहनों का पंजीकरण भी किया जाएगा| निजी वाहनों को पंजीकरण के दौरान वाहन में सवार व्यक्तियों के विषय में भी जानकारी देनी पड़ेगी| इसका मकसद यह बताया जा रहा है कि यात्रा पर आने वाले वाहनों व यात्रियों के संबंध में विभाग के पास डाटा उपलब्ध रहेगा किसी आपात स्थिति में विभाग को यह पता रहे कि यात्रा मार्ग पर कितनी वाहन व यात्री है| हर साल चार धाम यात्रा पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं जिसके लिए यात्री व्यवसायिक व निजी वाहनों का प्रयोग करते हैं और यात्रा पर आने वाले वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अनिवार्य है| बताते चलें कि व्यवसायिक वाहनों की फिटनेस जांचने के लिए उन्हें ग्रीन कार्ड जारी किया जाता है| जिससे यात्रा पर जाने वाले व्यवसायिक वाहन की सभी जानकारी विभाग को उपलब्ध रहती है| अब यह व्यवस्था ऑनलाइन कर दी गई है| वाहनों को केवल जांच कराने विभागीय कार्यालय आना होगा शेष सभी काम ऑनलाइन हो जाएंगे| यात्रा पर जाने से पहले ग्रीन कार्ड के साथ ट्रिप कार्ड जारी किया जाएगा| इसमें वाहन स्वामी यात्रियों और उनके द्वारा घूमे जाने वाले स्थलों के बारे में ऑनलाइन जानकारी देगा| ट्रिप कार्ड भी ऑनलाइन जारी होगा| जिसके लिए जल्द से जल्द शुल्क निर्धारित किए जाएंगे| इस वर्ष विभाग सभी निजी वाहनों का पंजीकरण अनिवार्य कर रहा है| इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा| इसके लिए निजी वाहनों को परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाना होगा चारधाम यात्रा के संबंध में दिए गए आईकन पर क्लिक करके उसे यात्रियों के संबंध में पूरी जानकारी भरनी होगी जिसके बाद उन्हें एक आईडी जारी की जाएगी जिन्हें उन्हें यात्रा मार्ग पर बनी चेकपोस्ट पर दिखाना होगा|
