
अल्मोड़ा:- 23-25 अक्टूबर 2026 तक जम्मू यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में आयोजित “ नार्थ जोन मुए थाई चैंपियनशिप-2026” में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अल्मोड़ा के मुए थाई खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 2 रजत एवं 4 कांस्य सहित कुल 10 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। खेल विभाग के मुए-थाई कोच यशपाल भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया की जम्मू यूनिवर्सिटी में आयोजित 8 राज्यों की इस “ नार्थ जोन चैंपियनशिप में विभिन्न प्रदेशो के 528 चयनित खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया की मेघालय राज्य में अगले वर्ष मार्च माह में होने जा रहे 39वें राष्ट्रीय खेलों में मुए-थाई खेल के शामिल होने के बाद राज्य के खिलाड़ियों में जबरदश्त उत्साह है। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा के पदक विजेता खिलाड़ियों में मन्नत ने फाइटिंग और वाईक्रू में प्रतिभाग कर शानदार प्रदर्शन किया और 2 स्वर्ण पदक जीते। खेल विभाग के प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण ले रही तनुश्री लटवाल ने एक स्वर्ण एवं एक रजत , चाँदनी ने स्वर्ण पदक , हिमानी मेर रजत पदक, आदित्य लटवाल, वंश बोरा, अर्पित आर्या एवं वेदान्त बिष्ट ने कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड सहित अल्मोड़ा का मान बढ़ाया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुए-थाई एसोसियेशन ऑफ़ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सतीश जोशी, उप निदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, प्रदेश सचिव नीलेश जोशी , मुख्य कोच उत्तराखंड प्रज्ञा जोशी, मुए-थाई कोच यशपाल भट्ट, सभी छात्र-छात्राओं के माता-पिता जी आदि ने बधाई दी है।





