बागेश्वर – सलानी में बहुउद्देशीय शिविर में 290 से अधिक लोगों ने लिया लाभ….10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

बागेश्वर । सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को इंटर कॉलेज, सलानी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 290 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान प्राप्त 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि विभिन्न सेवाओं से संबंधित 70 आवेदन पत्र भरवाए गए।
शिविर में दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, देवेंद्र सिंह ढैला व जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से बहुउद्देशीय शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में कृषि, उद्यान, उद्योग, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन, सैनिक कल्याण एवं सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों के प्रमाण पत्र बनाने और विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन पत्र भरवाने की कार्यवाही की गई।
संकल्प अभियान के तहत स्व. चंद्र सिंह शाही स्नातकोत्तर महाविद्यालय, असों में भाषण, निबंध, चित्रकला, रंगोली और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। आयुर्वेदिक विभाग के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर की ओर से बैडामझेडा व सनगाड में योगाभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं समाज कल्याण अनुश्रवण समिति की सदस्य चंपा देवी, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला पंचायत सदस्य दीपक खुल्बे, घनश्याम जोशी, संजय परिहार, डीके जोशी, महाविद्यालय की प्राचार्य मधुलिका पाठक, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख हरीश मेहरा, किसान मोर्चा महामंत्री भुवन गड़िया, चंद्र सिंह कपकोटी, छात्रसंघ अध्यक्ष तेज सिंह रावत, भाजपा कपकोट मंडल महामंत्री महेश दानू, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र दानू, कुंदन गाड़िया, डॉ. निर्मित शाह सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि व स्थानीय जनता मौजूद रहीं।

Advertisements

Leave a Reply