
बागेश्वर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को बीडी पांडेय पीजी कॉलेज, बागेश्वर में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री एवं शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत प्रभारी मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत@2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही देश की सेवा है और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भरता के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इससे पूर्व पीडब्ल्यूडी तिराहे से बीडी पांडेय पीजी कॉलेज तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। मशाल के साथ निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास एवं आत्मनिर्भर भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




