बागेश्वर – सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में जन-जागरूकता, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित-

बागेश्वर । जिले में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा जन-जागरूकता, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन एवं विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।
बाल विकास परियोजना बागेश्वर के अंतर्गत सेक्टर खांकर के 44 आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी क्रम में बोहाला आंगनबाड़ी केंद्र में विशेष कार्यक्रम ‘आंगन का मिलन’ एवं पोषण माह के तहत गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मोहन सिंह, आशा कार्यकर्ती, महिला मंडल की मुख्य कार्यकर्ती लीला आर्या, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिका को सम्मानित किया गया। सुपरवाइजर द्वारा उपस्थित लोगों को पोषण, स्वच्छता तथा बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसी क्रम में नगर पंचायत कपकोट द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ऐठाण में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, प्लास्टिक का उपयोग कम करने एवं उसके उचित निस्तारण के संबंध में जागरूक किया गया। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत कचरे को स्रोत पर ही पृथक करने तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई। साथ ही बल्क वेस्ट जनरेटर के संबंध में जानकारी देते हुए नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाख-नैकाना खुमटिया में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में 6 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, जबकि कुल 26 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

Advertisements

Leave a Reply