अल्मोड़ा:- मॉल रोड पर अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने की मांग, एसएसपी से मिला प्रतिनिधिमंडल

अल्मोड़ा। नगर की मॉल रोड एवं बस अड्डे के आसपास अराजक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था को लेकर पूर्व कार्यकारिणी सदस्य भाजपा अल्मोड़ा राजीव गुरुरानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाने तथा अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

Advertisements

इस दौरान राजीव गुरुरानी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में कहा कि मॉल रोड एवं बस अड्डे के आसपास आए दिन अराजक तत्वों द्वारा हंगामा एवं अनुशासनहीनता किए जाने से क्षेत्र का शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित हो रहा है। इससे स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों एवं आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने 07 सितंबर 2026 की शाम बस अड्डे के समीप हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा यातायात बाधित कर हंगामा किया गया। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति तत्काल सामान्य नहीं हो सकी। पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद भी पुलिस बल के मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी घटनाओं में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित किए जाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मॉल रोड, बस अड्डे तथा बाजार क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शाम एवं रात्रि के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा अराजक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से जनहित में मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, अनुसूचित मोर्चा महामंत्री दिशांत पवार, पूर्व सभासद सौरभ वर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा सोशल मीडिया सह-संयोजक राजा खान,भाजपा जिला मीडिया संयोजक मनीष जोशी, कन्हैया बिष्ट,कृष्णा तिलारा, ईश्वर उपाध्याय, भूपेश ग़ैरा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply