
रिपोर्टर – रमेश चन्द्र पाण्डेय (बृजवासी)

गरुड़ (बागेश्वर ) । दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान क्षेत्र के आधारभूत ढांचे, सड़कों की स्थिति और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और लंबित योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री बिष्ट द्वारा दी गई मुख्य जानकारियां इस प्रकार हैं-
सड़कों का डामरीकरण और बजट: ग्वालदम-गरुड़ मार्ग के लिए 4.5 करोड़ रुपये तथा कौसानी-गरुड़ मार्ग के सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण हेतु 4.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कर्णप्रयाग-जौलजीवी मार्ग- इस प्रमुख मार्ग के निर्माण के लिए निविदा (टेंडर) प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी।
स्थानीय सड़कें और गड्ढा मुक्त अभियान- कौसानी-भतड़िया मार्ग का बजट दो वर्ष पूर्व स्वीकृत हो चुका है। मानसून सत्र (बरसात) समाप्त होते ही इस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।15 सितंबर के बाद क्षेत्र की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान तेज होगा।
बैजनाथ म्यूजियम कार्य की स्थिति – बैजनाथ म्यूजियम का कार्य अप्रैल माह तक पूर्ण होना था, लेकिन पुरातत्व विभाग (ASI) की आपत्तियों के कारण इसमें विलंब हुआ है। लोक निर्माण विभाग इसकी कार्यदायी संस्था है। आपत्तियों को दूर कर कार्य जल्द पूरा कराने का प्रयास जारी है।
अन्य प्रमुख निर्माण – गरुड़ पुराना मार्ग से कोट मंदिर तक की सड़क का पुननिर्माण किया जाएगा, जिसके लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। इसके अतिरिक्त भकुनखोला में 1 करोड़ रुपये की लागत से मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाएं – परिगाँव में उप-जिला चिकित्सालय के साथ निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने विश्वास दिलाया कि सभी स्वीकृत योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।

