विवेकानंद विद्या मंदिर रानीधारा अल्मोड़ा में मेधावी छात्र सम्मान समारोह में 60 प्रतिभाशाली छात्रों का हुआ सम्मान, पुस्तक का हुआ विमोचन

अल्मोड़ा, 12 जून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अल्मोड़ा द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में विभिन्न विद्यालयों के 60 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्रों का उत्साहवर्धन करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रभाव, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना था।

Advertisements

कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक संगठन मंत्र एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तराखण्ड के प्रान्त कार्यवाह दिनेश सेमवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य करता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने जीवन में अनुशासन, सेवा, संस्कार एवं सामाजिक दायित्वों को भी स्थान दें। उन्होंने कहा कि आज का छात्र ही कल के भारत का निर्माता है और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तारादत्त भट्ट, विभाग कार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में मेधावी छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सफलता का वास्तविक उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना भी है। उन्होंने छात्रों को निरंतर अध्ययन, चरित्र निर्माण तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा “भारतीय ज्ञान परम्परा एवं भारतीय ज्ञान प्रणाली (Indian Knowledge Tradition and Indian Knowledge System)” पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) पर आधारित इस पुस्तक का लेखन अरविन्द चन्द्र जोशी, डॉ. आराधना शुक्ला एवं डॉ. रुचि तिवारी द्वारा किया गया है। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय ज्ञान परम्परा और भारतीय ज्ञान प्रणाली को नई शिक्षा नीति के माध्यम से पुनः शिक्षा व्यवस्था के केंद्र में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है तथा यह पुस्तक इस दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परिचय एवं उसके विविध आयामों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान कुछ छात्रों ने मंच से अपने अनुभव एवं विचार साझा किए तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि संगठित समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है और युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा देश के विकास की सबसे बड़ी शक्ति है।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण मेधावी छात्र सम्मान के अंतर्गत अल्मोड़ा जनपद के विभिन्न विद्यालयों—स्प्रिंग डेल्स स्कूल, विवेकानन्द इण्टर कॉलेज, कूर्मांचल अकादमी, महर्षि विद्या मंदिर, बीरशीबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज—के कुल 60 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा सभी छात्रों को सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं। समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी छात्रों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आलम सिंह उनियाल सहित जिला प्रचार प्रमुख डॉ. राजेन्द्र जोशी, डॉ. आराधना शुक्ला, प्रान्त धर्म जागरण प्रमुख अरविन्द जोशी, जिला सम्पर्क प्रमुख अनिल काण्डपाल एवं जिला कुटुम्ब प्रबोधन प्रमुख भास्करानन्द काण्डपाल सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेन्द्र जोशी, जिला प्रचार प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अल्मोड़ा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से श्री आलम सिंह उनियाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्रों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को नई प्रेरणा देने के साथ-साथ समाज में शिक्षा एवं संस्कारों के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं।

अंत में विश्वकल्याण की कामना के साथ कल्याण मंत्र का सामूहिक पाठ किया गया तथा उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्रों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई।

विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता के आह्वान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर यह भी घोषणा की गई कि शीघ्र ही राष्ट्रीय स्वयंसेविका समिति के तत्वावधान में “मेधावी छात्रा सम्मेलन” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनपद की मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विशेष चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply