बागेश्वर – राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षकों का दो सूत्रीय मांगों को लेकर कार्यबहिष्कार शुरु

बागेश्वर । जनपद के अलग-अलग तहसीलों में दो सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्व निरीक्षक व उप निरीक्षकों ने दो दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा वह चुप नहीं रहेंगे।
इस दौरान भावी कार्यक्रमों की रणनीति भी बनाई गई। हड़ताल के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थायी, जाति, जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के अलावा खाता-खतौनी नहीं निकाल पाए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षक एवं राजस्व सेवक संघ के बैनर तले कर्मचारी मंगलवार को तहसील परिसर गरुड़ में एकत्रित हुए। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
जगत सिंह कोरंगा अध्यक्ष राजस्व उपनिरीक्षक संगठन ने कहा कि वह लंबे समय से पुलिस कार्यों को नियमित पुलिस को सौंपने तथा अंश निर्धारित कार्य हेतु लैपटॉप, डाटा पैक, मानदेय दिए जाने व कार्यों में अतिरिक्त दबाव के विरोध में आंदोलित हैं। उच्च न्यायालय ने भी उनके पक्ष में निर्णय दे दिया है। इसके बावजूद सरकार उनकी मांगों को नहीं मान रही है। मजबूर होकर दो दिवसीय कार्य बहिष्कार पर हैं। यदि इसके बावजूद भी उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह बड़ा आंदोलन करेंगे। कार्यबहिष्कार में युवराज गोस्वामी, रमेश चंद्र,मनोज कुमार, प्रवीण सिंह,तारा विष्ट, रघुवर सिंह, मानवेन्द्र सिंह,कमल उपाध्याय,जगत सिंह,जीवन लाल ,चन्दन गिरि,बसन्त गिरि,मंजू देवी व दीपक शाही आदि शामिल थे।