
चमोली – देर शाम को देवाल ब्लॉक की रेन गांव में एक मकान में अचानक आग लग गई| जिसमें 58 साल की एक महिला की जलकर मौत हो गई साथ ही मकान में रखा सारा सामान भी जलकर राख बन गया पुलिस ने महिला के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है|
मामला चमोली के रैन गांव का है| इस घटना के बारे में रैन गांव के रविंद्र सिंह ने बताया कि, पूर्व सैनिक स्व. चंद्र सिंह की पत्नी काशी देवी अपने मकान में अकेले रहती थी| काशी देवी का बड़ा पुत्र रघुवीर सिंह जम्मू कश्मीर में आर्मी में सेवारत है| छोटा बेटा कमल सिंह गोवा में प्राइवेट नौकरी करता है| रविवार की रात को काशी देवी खाना खाने के बाद सोने चली गई और रात में मकान में अचानक आग लग गई| आग में जलकर उसकी उसी वक्त मौत हो गई| जबकि मकान में सारा सामान जलकर भस्म हो गया|
रविंद्र ने बताया कि दो मंजिला मकान के ऊपरी हिस्से में आग लगी लेकिन आग लगने की खबर आसपास के लोगों को कई घंटे बाद मिली| लोगों के पहुंचने से पहले ही काशी देवी की मौत हो गई थी|
घटनास्थल पर पहुंची थाना अध्यक्ष बृजमोहन राणा ने कहा कि आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है| फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है| साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है|

