
उत्तराखंड राज्य में उपनल कर्मचारियो ने आगामी 11 नवंबर को सचिवालय कूच करने का ऐलान किया है। उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक विनोद गोदियाल का कहना है कि वर्ष 2018 में नैनीताल हाई कोर्ट ने उपनल कर्मचारियों के पक्ष में फैसला दिया था लेकिन सरकार इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में चली गई। उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम कर्मचारियों ने समान काम के लिए समान वेतन और नियमित करने की मांग को लेकर 11 नवंबर को सचिवालय कूच करने का ऐलान किया है और कहा है कि यदि सरकार इन मांगों पर अमल नहीं करती तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों में काफी नाराजगी व्याप्त है और महासंघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार कर्मचारी 11 नवंबर को रैली निकालेंगे। इस रैली की तैयारी के लिए दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, ऊर्जा निगम ,वन विभाग समेत विभिन्न कार्यालयों में बैठके भी की गई है।

