गौरवान्वित:- रिया सिंघा ने अपने नाम किया मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज

अहमदाबाद की रहने वाली महज 18 वर्षीय रिया सिंघा ने अपने नाम मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज कर लिया है। राजस्थान के गुलाबी शहर जयपुर में 22 सितंबर को यह प्रतियोगिता आयोजित हुई और सभी को पीछे छोड़ते हुए रिया ने यह खिताब हासिल कर लिया है। मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज उन्होंने महज 18 वर्ष की उम्र में अपने नाम कर लिया है। जानकारी के मुताबिक रिया ने 16 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू कर दी थी। इस प्रतियोगिता को जीतने के बाद अब रिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

उनके सिर पर विजेता का ताज बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने सजाया। 10 साल पहले वह भी यह खिताब अपने नाम कर चुकी है। उर्वशी ने साल 2015 में मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज अपने नाम किया था। रिया का कहना है कि वह खुद को इस खिताब का असल हकदार मानती है इस प्रतियोगिता को जीतने के लिए उन्होंने बहुत मेहनत की थी साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले विजेताओं ने उन्हें जीतने के लिए काफी प्रेरित भी किया। रिया के पिता का नाम बृजेश सिंघा और मां का नाम रीता सिंघा है और यह बिजनेस की दुनिया से ताल्लुक रखते हैं। रिया जीएलएस यूनिवर्सिटी गुजरात की एंबेसडर और छात्रा भी है तथा वह मेक्सिको में आयोजित होने वाले मिस यूनिवर्स 2024 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।