
रुड़की| आजकल साइबर अपराध दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं| रुड़की में किसी ने पहले एक महिला की फेसबुक आईडी हैक कर ली और उसके बाद उस आईडी से महिला के परिचितों को अश्लील मैसेज भेजना शुरू कर दिया और मदद करने के लिए पैसे की मांग करने लगा|
पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है|
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसने फेसबुक आईडी बना रखी है| करीब 5 दिन से उसने अपनी आईडी चेक नहीं की इसीलिए उसके एक परिचित ने फोन कर बताया कि उसके नाम के अश्लील मैसेज भेजे जा रहे है| यही नहीं मदद के नाम पर पैसे भी मांगे जा रहे हैं| इस पर महिला के पति ने अपनी फेसबुक से मैसेज कर अश्लील मैसेज भेजना और पैसों की मांग नहीं करने की बात लिखी, लेकिन आरोपी ने उसके पति को भी धमकी देनी शुरू कर दी| आरोपी महिला को बदनाम करने की धमकी दे रहा है|
महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है|
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के मुताबिक, तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है, साथ ही साइबर सेल भी आरोपी की पहचान करने में जुटा है|

