चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद इस संत ने की मांग, कहा – ‘चांद को घोषित किया जाए हिंदू राष्ट्र, शिव शक्ति पॉइंट बनाई जाए राजधानी

पूरी दुनिया भारत के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद अब विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर की तरफ से आने वाली जानकारी का इंतजार कर रही है| दूसरी तरफ एक संत की चांद को लेकर अजीबो-गरीब मांग सामने आ रही है| संत का कहना है कि कोई और देश अपना हक जताए उससे पहले चांद को हिंदू राष्ट्र घोषित कर दिया जाए|


दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में चंद्रयान-3 की लैंडिंग जिस जगह हुई उसे जगह को शिव शक्ति पॉइंट नाम दिया| नाम रखे जाने के बाद अब अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज ने मांग की है कि चांद को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाए|
एक वीडियो संदेश जारी करते हुए उन्होंने कहा “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने चंद्रयान-3 के उतरने वाली जगह का नाम शिव शक्ति पॉइंट रखा है| इसी के साथ में चाहता हूं कि इसके पहले की कोई और विचारधारा के लोग या देश के लोग वहां पर जाकर गजवा-ए-हिंद न बनाएं, इसलिए संसद से प्रस्ताव पास करके चांद को हिंदू राष्ट्र के रूप में घोषित किया जाए और वहां की राजधानी शिव शक्ति पॉइंट को बनाया जाए| इसके पहले की कोई दूसरा चांद पर जाकर जिहाद करें, वहां पर जाकर कट्टरपंथी विचारधारा को फैलाए, आतंकवाद को फैलाए, चांद को एक हिंदू सनातन राष्ट्र के रूप में घोषित किया जाए|

इसकी राजधानी शिव शक्ति पॉइंट ही हो, क्योंकि चांद भगवान शिव के मस्तक पर विराजमान होता है, इसी तरह से हिंदू सनातनियों का चंदा मामा से पुराना संबंध है| चांद का हमारे यहां शास्त्रों में अनेक प्रकार का जिक्र है| मैं चाहता हूं कि चांद की शुद्धता और पवित्रता बनी रही इसलिए प्रस्ताव लाकर चांद को हिंदू सनातन राष्ट्र घोषित किया जाए|”