
उत्तराखंड राज्य के सितारगंज से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जहां गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब के सराय में रह रहे सेवादार ने चाकू से अपने बड़े बेटे की हत्या कर दी। पुलिस द्वारा आरोपित पिता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक सितारगंज निवासी गुरजीत सिंह ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि गुरुवार रात करीब 9:00 बजे गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब के सराय में उसके बड़े भाई दलजीत सिंह और पिता सलविंदर सिंह की कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ने के बाद धक्का मुक्की होने लगी। इसी बीच पिता ने गुस्से में आकर घर में रखे चाकू से बेटे दलजीत पर वार कर दिया। चाकू दलजीत के सीने पर लगा और उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सलविंदर मूल रूप से गांव लालपुर सितारगंज निवासी है और वह पिछले 20 साल से गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब में सेवादार है तथा छोटे बेटे की तहरीर के आधार पर आरोपित पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।

