खगोलीय घटनाओं से भरा रहेगा अगस्त का महीना…. जानिए आज शुक्रवार को क्या होगा खास

खगोलीय घटनाओं के लिहाज से इस बार अगस्त माह के कुछ दिन काफी महत्वपूर्ण होने वाले हैं। बता दें कि आज शुक्रवार को उल्कावृष्टि के रंगीन नजारे आसमान में दिखेंगे। 13 अगस्त को शुक्र ग्रह पृथ्वी व सूर्य के मध्य होगा और वही 27 अगस्त को शनि ग्रह पृथ्वी के बेहद करीब होगा। इसके बाद अंतिम खगोलीय घटना सुपरमून के रूप में 31 अगस्त को देखी जाएगी। आर्यभट्ट परीक्षण विज्ञान शोध संस्थान नैनीताल के वरिष्ठ खगोल वैज्ञानिक डॉक्टर शशीभूषण के अनुसार प्रसिद्ध उल्कावृष्टि के चरम पर पहुंचने की शुरुआत आज से हो जाएगी और शनिवार को उल्कावृष्टि की संख्या कुछ और अधिक बढ़ जाएगी तथा रविवार को यह अपने चरम पर होगी। इसमें 90 से अधिक आसमानी आतिशबाजी नजर आने की संभावना जताई गई है तथा इस घटना का वैज्ञानिक और खगोल प्रेमी काफी इंतजार कर रहे हैं। भोर से पहले इस घटना को काफी अच्छी तरीके से देखा जा सकता है क्योंकि तब चंद्रमा छिप जाएगा और आसमान घुप अंधेरे में डूबा होगा। इसके बाद 13 अगस्त को सौरमंडल का सर्वाधिक खूबसूरत माना जाने वाला ग्रह शुक्र पृथ्वी और सूर्य के बीच पहुंचने जा रहा है और इस बार यह सहयोग दिन के वक्त बनेगा इसलिए दूरबीन के जरिए ही सोलर फिल्टर के सहारे इसे देखा जा सकेगा। इस तरह अगस्त के महीने में कई खगोलीय घटनाएं आसमान में नजर आएंगी।