
बीती रात हुई बारिश से टिहरी जिले के तहसील धनोल्टी के ग्राम मरोड़ा में एक घर की दीवार टूट गई| इस दौरान अंदर सो रहे दो बच्चों की मलबे के ढेर में दबने से दर्दनाक मौत की खबर सामने आई है| हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है|
जानकारी के मुताबिक, मरोड़ा में प्रवीण दास के मकान की पीछे की दीवार टूटी| बच्चों के दादा प्रेमदास (60) के पैर पर हल्की चोट आई है| बच्चों के माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे| बीती रात 2:00 बजे के लगभग मरोड़ा क्षेत्र में जमकर बारिश हुई, तब यह घटना हुई|
सूचना पर राजस्व उप निरीक्षक ल्वारखा, पुलिस चौकी सत्यो रात को मौके पर पहुंची और बच्चों को मलबे से निकाला| दोनों बच्चों को 108 सेवा की मदद से पीएचसी सत्यो पहुंचाया गया| जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया|
मृतकों का नाम 12 वर्षीय स्नेहा पुत्री प्रवीण दास तथा 10 वर्षीय रणवीर पुत्र प्रवीण दास है|
