
अब केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी कार्यालयों में कुर्सी पर बैठे योग कर सकेंगे| इसके लिए आयुष मंत्रालय ने कुर्सी पर योग की इजाजत दी है| साथ ही कुर्सी पर योग के लिए वाइ-ब्रेक एप जारी किया गया है| जिसके माध्यम से कुर्सी पर बैठे योग करने के टिप्स मिलेंगे|
दरअसल, कार्यालयों में योग को बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय के उप सचिव संदीप सक्सेना ने कुर्सी पर योग को लेकर निर्देश जारी किए हैं| इसमें कहा गया है कि कार्यालय स्थल पर अधिकारी कुर्सी पर बैठकर भी योग करके जीवन शैली को स्वस्थ बना सकते हैं| कंप्यूटर पर काम करते या कुर्सी पर लंबे समय तक बैठे रहने से कई तरह की शारीरिक दिक्कतें होती है, जिन्हें दूर करने के लिए यह जरूरी है|
इसके लिए मंत्रालय की ओर से कुर्सी पर योग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है|
मंत्रालय के मुताबिक, कई बार अफसरों और कर्मियों के पास अलग समय न होने के कारण वह किसी योगा केंद्र तक नहीं जा सकतें, ऐसे अधिकारी या कर्मचारी कार्यालय स्थल पर कुछ देर के लिए कुर्सी पर बैठकर ही योग कर सकते हैं| इसके लिए मंत्रालय ने बकायदा शॉर्ट टर्म प्रोटोकॉल तैयार किया है| जिसमें योग के टिप्स दिए गए हैं| यह वाइ-ब्रेक ऐप पर उपलब्ध है| इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है|
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को देखते हुए आयुष मंत्रालय ने अफसरों, कर्मियों और कार्यालय स्थल पर कुर्सी पर योग को बढ़ावा देने और अपनाने के निर्देश दिए हैं|
बता दें यह केवल 1 दिन के लिए नहीं है इसे अधिकारी कार्यस्थल दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं|
