
उत्तराखंड के नैनीताल से मानव तस्करी का मामला सामने आया है। यहां नाबालिक लड़की को नशे के इंजेक्शन देकर सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। इस मामले के सामने आने के बाद हर कोई हैरान है। बता दें कि किशोरी को नशे के इंजेक्शन दिए जा रहे थे और उसे एक घर में किराए के कमरे में रखा गया था तथा इस कमरे से लड़कियों को यहां- वहां पहुंचाने का पूरा जिम्मा पश्चिम बंगाल में बैठी मानव तस्करी की सरगना तान्या शेख संभाल रही थी। पुलिस अक्सर होटल तथा स्पा सेंटरों में युवतियों की खरीद-फरोख्त के इनपुट मिलने के बाद छापेमारी करती है लेकिन मानव तस्करी के आरोपियों की सेटिंग और दलालों की सटीक जानकारी से हर बार पुलिस सिर्फ चालान तक सीमित रह जाती है। मगर इस बार जब पुलिस को नैनीताल में पुख्ता इनपुट मिला तब पुलिस ने जल्द से जल्द मौके पर दबिश दे दी इस दौरान पुलिस को मारपीट और भारी विरोध का सामना करना पड़ा लेकिन पुलिस ने नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी रज्जक पाइक को दबोचने में भी पुलिस कामयाब रही। इस दौरान प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि पश्चिम बंगाल निवासी तान्या शेख ने हल्द्वानी में मानव तस्करी का नेटवर्क फैलाया है। यहां किराए में कमरा लेकर वह लड़कियों को ठहराती थी। जांच में यह सामने आया है कि किशोरी को रज्जाक 7 दिन पहले हल्द्वानी लाया था इसी बीच किशोरी को नशे के इंजेक्शन दिए गए और उसे अलग-अलग होटलों में भेजा गया। किशोरी को इतना प्रताड़ित किया गया कि इस बीच वह कभी होश में ही नहीं आई तथा किशोरी मानव तस्करी की सरगना तान्या शेख की रिश्ते की भांजी है। इस मामले में तान्या शेख का हल्द्वानी, नैनीताल, उधम सिंह नगर के स्पा सेंटर संचालकों के साथ भी संपर्क सामने आया है।

