बागेश्वर:- ताकुला- बागेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरे दो विशालकाय चीड़ के पेड़……. बाल- बाल बचे वाहन

उत्तराखंड राज्य के पर्वतीय जिलों में बीते रविवार से एक बार फिर मौसम बदलने लगा है और तेज हवाएं भी चलने लगी है। बता दें कि तेज हवाएं चलने से ताकुला- बागेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो विशालकाय चीड़ के पेड़ गिर गए और इस घटना में वाहन बाल-बाल बचे। घंटो सड़क पर यातायात बंद रहा जिसके बाद अग्निशमन एवं आपातकाल सेवा ने काफी मुश्किलों से सड़क से पेड़ हटाए और उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। यह घटना लगभग 1:00 बजे की है जब खरेही क्षेत्र में तेज हवाएं चलने से दो पेड़ गिर गए। राहत की बात यह है कि कोई भी वाहन उनकी चपेट में नहीं आया और बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। इस दौरान जाम में फंसे हुए सज्जन लाल टम्टा और स्थानीय निवासी शंकर पांडे ने जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम और 112 डायल किया इसके बाद अग्निशमन की टीम वहां पहुंची और उन्होंने पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया तथा लगभग 2 घंटे बाद यातायात सुचारू हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे काफी बड़े और काफी पुराने पेड़ हैं इसलिए भविष्य में दुर्घटना की संभावना है। उन्होंने वन विभाग से पुराने पेड़ों को काटकर हटाने की मांग की है।