
पैन कार्ड अपडेट कराने वाले व्यक्ति ध्यान दें कि इस दौरान साइबर ठग लोगों को टारगेट कर रहे हैं। पैन कार्ड अपडेट कराने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। भारतीय स्टेट बैंक के योनो एप से पैन कार्ड अपडेट करने के नाम पर साइबर ठगों द्वारा लोगों को टारगेट किया जा रहा है और साइबर क्राइम पुलिस द्वारा इस संबंध में लोगों को चेताया गया है कि यदि पैन कार्ड अपडेट करने के नाम पर कोई भी लिंक आए तो क्लिक ना करें। उत्तराखंड राज्य के सभी जिलों में साइबर अपराध रोकने के लिए साइबर सेल बनाए गए हैं और रुद्रपुर में साइबर क्राइम पुलिस थाना है जहां शिकायतें पंजीकृत की जाती हैं। पुलिस द्वारा अपने फेसबुक पेज पर मैसेज कर बताया गया है कि भारतीय स्टेट बैंक के योनो एप से पैन कार्ड अपडेट किए जाते हैं और अब साइबर ठगों ने अपने निशाने पर इसे लिया है। पैन कार्ड अपडेट करने के नाम पर लोगों के फोन पर लिंक आ रहे हैं और लिंक खोलते ही ठगी हो रही है। इसलिए पुलिस ने लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है और यदि किसी के साथ भी इस प्रकार की ठगी होती है तो साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 को डायल करें। जागरूकता ही इस अपराध से बचने का एकमात्र उपाय है और आधी अधूरी जानकारी पर मोबाइल में कोई लिंक ओपन ना करें क्योंकि इससे ठगी हो सकती है।

