
आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की| इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत सरकार द्वारा राज्य के विकास हेतु जमरानी बांध परियोजना की स्वीकृति सहित विभिन्न बाह्म साहयतित परियोजनाओं एवं पूंजीगत परियोजनाओं के लिए व्यापक सहयोग प्रदान करने पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया|
राज्य को जी-20 की तीन महत्वपूर्ण बैठकों का दायित्व दिए जाने पर धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि रामनगर में मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार की वर्किंग ग्रुप की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई| मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री को चारधाम यात्रा, आदि कैलाश और लोहाघाट स्थित मायावती आश्रम के लिए आमंत्रित किया| यह बैठक लगभग 1 घंटे तक चली| इसमें मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की|
इस दौरान उन्होंने जोशीमठ भू-धंसाव से प्रभावितों को राहत और विस्थापित कार्यों की जानकारी देते हुए आर्थिक पैकेज की आवश्यकता बताइ| मुख्यमंत्री ने हरिद्वार से वाराणसी के लिए वंदे भारत रेल सेवा शुरू किए जाने का भी आग्रह किया और कहा कि इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी|
