
उत्तराखंड राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। यहां बीते शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने 182 करोड़ रुपए की 4 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जिसके अंतर्गत 124.10 करोड़ की लागत से दून मेडिकल कॉलेज में 500 बेड के नवीन ब्लॉक का निर्माण, रुद्रपुर में 20.38 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में 18.80 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण एवं हल्द्वानी में 19.48 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण करवाया जाएगा। बता दें कि मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया जोशीमठ से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और इस दौरान उन्होंने राज्य में 182 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास किया। उत्तराखंड राज्य विकास की ओर काफी तेजी से बढ़ रहा है और यदि केंद्र द्वारा दिए गए लक्ष्य को राज्य सरकार प्राप्त करती है तो राज्य में धन से संबंधित कोई भी कमी न हो केंद्र सरकार का यह प्रयास रहेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। उनका कहना था कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश का हेल्थ सेक्टर बदल रहा है और हम अमृत काल में देश को विकसित राष्ट्र बनाएंगे इसके लिए हमारी प्राथमिकता है कि देश के नागरिक स्वस्थ रहें क्योंकि स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करता है। वहीं दूसरी तरफ उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 182 करोड़ रुपए से अधिक की 4 परियोजनाओं का शिलान्यास कर स्वास्थ्य के क्षेत्र में इतनी बड़ी सौगात देने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया का आभार व्यक्त किया।
