Uttrakhand- राज्य में शुरू हुई स्मार्टशाला साइंस टीवी क्लासेस…. 17000 विद्यार्थियों को पहले चरण में मिलेगा लाभ

उत्तराखंड राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्मार्टशाला साइंस टीवी क्लासेस का उद्घाटन कर दिया गया है। सरकारी शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए राज्य में स्मार्ट शाला साइंस टीवी क्लासेस चलाई जाएंगी और इस योजना के अंतर्गत छात्र- छात्राओं को विज्ञान, गणित और अंग्रेजी की पढ़ाई टीवी के माध्यम से कराई जाएगी। योजना का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना था कि राज्य के 100 विद्यालयों को प्रथम चरण में क्लास के लिए टीवी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं जिससे 17000 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे और इसके बाद प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल की कक्षाएं स्मार्ट साइंस टीवी से जुड़ेंगे। इस योजना से राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता भी पहले से बेहतर हो पाएगी। साथ में मुख्यमंत्री द्वारा यह भी कहा गया कि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों की शिक्षा के लिए स्मार्ट शाला साइंस टीवी क्लासेस योजना काफी महत्वपूर्ण साबित होगी।