
देश में ‘ प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना’ दिसंबर 2022 में समाप्त हो चुकी है और कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है, कि सरकार ने गरीब कल्याण योजना को खत्म कर दिया है। इस पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना को समाप्त कर दिया है और इसी के साथ नए साल में 81 करोड़ लोगों को जो 50% राशन अलग से मिलता था उसमें कटौती हो गई है। उन्होंने बीते मंगलवार को ट्वीट करते हुए कहा कि साल 2023 में अब लोगों को केवल 5 किलो राशन ही मिलेगा। उनका कहना था कि 2 वर्षों से एक यूनिट को 10 किलो राशन दिया जा रहा था मगर अब केवल 5 किलो राशन ही मिलेगा। कोरोना काल के दौरान चलाई गई गरीब कल्याण योजना के तहत गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा था और यह योजना दिसंबर 2022 में खत्म हो रही थी हालांकि मोदी कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि केंद्र सरकार 1 जनवरी से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत 81.35 करोड़ लोगों को दिसंबर 2023 तक निशुल्क राशन का लाभ देगी।

