चीन में कोरोना के मामले लाखों में सामने आ रहे हैं| इस बीच चिनफिंग सरकार ने जीरो कोविड पॉलिसी में और ढील दे दी है|
विदेशी यात्रियों को राहत देते हुए चीन ने कहा कि 8 जनवरी से विदेशी यात्रियों को क्वारंटाइन में नहीं रहना होगा|
बताते चलें कि चीन में मार्च 2020 में विदेशी यात्रियों के लिए क्वारंटीन में रहना अनिवार्य कर दिया गया था| अब चीन ने सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी अनुमति दे दी है| 3 साल पहले की तरह सभी देशों के यात्री चीन जा सकेंगे और वहां पर घूम सकेंगे| चीनी सरकार के इस फैसले से कई भारतीय छात्रों को भी लाभ हो सकता है|
इसके अलावा चीन सरकार ने कार्यालय, कारखाने और बाजार भी खोल दिए हैं| राजधानी बीजिंग और सबसे बड़े शहर शंघाई की मेट्रो ट्रेन खचाखच भरी हुई दौड़ती दिखी| कहा जा रहा है कि जीरो कोविड पॉलिसी में ढील दिए जाने के बाद से ही कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़ रही है| राष्ट्रपति ने 7 दिसंबर को जीरो कोविड पॉलिसी के प्रावधानों में ढील देने की घोषणा की थी| जिसके बाद चीन में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में बढ़ोतरी शुरु हो गई| दूसरी ओर चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने संक्रमितों के बारे में सूचनाएं सार्वजनिक करने पर रोक लगा दी है| बता दें कि चीन ने लगातार छठे दिन कोविड-19 से कोई मौत ना होने की घोषणा की है| लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज आ रहे हैं, पहले के मुकाबले मरीजों की संख्या में 5 से 6 गुना तक वृद्धि हुई है|