
उत्तराखंड राज्य में पीआरडी यानी कि प्रांतीय रक्षक दल जवानों को सरकार द्वारा नए साल की सौगात दी गई है। विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने जवानों की सेवा देने की अधिकतम आयु 50 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने की घोषणा की है और यही नहीं बल्कि पीआरडी कल्याण कोष को 50 लाख से बढ़ाकर ₹100000000 करने की बात भी कैबिनेट मंत्री द्वारा कही गई है। इससे आपात स्थिति में जवानों की मदद होगी। इस घोषणा के अलावा उन्होंने पीआरडी जवानों के हित में कई घोषणाएं की है। कैबिनेट मंत्री द्वारा यह बाते पीआरडी के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर कही गई और पीआरडी जवानों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार पीआरडी जवानों को सशक्त करने वाले निर्णय ले रही है। मानदेय में परिवर्तन होने के बाद उन्हें अब सम्मानित धनराशि दी जा रही हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि अगले स्थापना दिवस तक दुर्घटनाओं में बलिदान होने वाले जवानों के परिवार के लिए मृतक आश्रित कोटे में भर्ती का प्रावधान किया जाएगा और उन्होंने पीआरडी जवानों की सराहना भी की। इस समारोह के दौरान मंत्री रेखा आर्य का कहना था कि पीआरडी की भर्ती में न्यूनतम 30% महिला कोटा निर्धारित किया जाएगा और वर्तमान समय में राज्य के अंतर्गत 9300 जवानों में 600 महिला जवान भी शामिल है।
