
उत्तराखंड राज्य में ठंड बढ़नी शुरू हो चुकी है और प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह- शाम काफी कड़ाके की ठंड पढ़ रही है। बता दें कि अगले 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है जिससे कि ठंड और अधिक बढ़ेगी। मौसम विभाग ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर घने बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना जताई है लेकिन अधिकांश हिस्सों में वर्षा की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। बादल छाने से प्रदेश के मसूरी, नैनीताल, कौसानी ,मुक्तेश्वर जैसे हिल स्टेशनों पर ठंड बढ़ने लगी है और देहरादून जैसे मैदानी इलाके में भी दिनभर बादल छाए हुए हैं। बता दें कि बीते शुक्रवार को मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.9 और न्यूनतम तापमान 10. 2 डिग्री सेल्सियस रहा। बता दें कि पिछले साल के दिसंबर की अपेक्षा इस बार राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान अधिक है क्योंकि पिछले साल दिसंबर की शुरुआत में बूंदाबांदी हुई थी मगर इस बार ऐसी स्थिति नहीं है और आने वाले कुछ दिनों तक वर्षा के आसार नही हैं।

