
नई दिल्ली| भारत ने उत्तराखंड के औली में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर अमेरिका के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास को लेकर चीन की आपत्ति को सिरे से खारिज कर दिया है| चीन को आड़े हाथ लेते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि इस मुद्दे पर हमने किसी तीसरे देश को वीटों नहीं दिया है| उन्होंने कहा सैन्य अभ्यास का चीन के साथ 1993 और 1996 के समझौते से कोई लेना देना नहीं है| फिर भी चीन ने इसे उठाया है तो कहना चाहता हूं कि चीन ने 1993 व 1996 के समझौते पर खुद जो उल्लंघन किया है, उस पर सोचना चाहिए| 1993 समझौते में भारत-चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखने पर सहमति बनी थी| वहीं 1996 के तहत एलएसी पर सैन्य मामलों में विश्वास बहाली की दिशा में दोनों देशों को काम करना था|

