Uttarakhand- लंबे इंतजार के बाद इस दिन से शुरू होगी पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा

उत्तराखंड राज्य में पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू करने हेतु बड़ी खबर सामने आई है। बता दें कि काफी लंबे समय से इंतजार करने के बाद अब पिथौरागढ़ के लिए अगले वर्ष से हवाई सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा। पिथौरागढ़ के लिए 19 सीटर हवाई जहाज से यह हवाई सेवा हिंडन, देहरादून और पंतनगर से शुरू की जाएगी। इसके साथ ही चिन्यालीसौड़ व गौचर में हवाई सेवा शुरू करने के लिए इन्हें उड़ान 5.0 के टेंडर में शामिल किया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा पत्र लिख कर दी गई है। उन्होंने पत्र में बताया है कि पिथौरागढ़ से फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट सेवाएं शुरू करने के लिए फ्लाईविंग एयरलाइन को निर्देशित किया गया है और आगामी 31 जनवरी 2023 से एयरलाइन इसका संचालन शुरू करेगी। इसके अलावा पिथौरागढ़- हिंडन, हिंडन- पिथौरागढ़, देहरादून- पिथौरागढ़, पिथौरागढ़- देहरादून और पंतनगर मार्ग पर हवाई सेवा संचालित की जाएगी तथा पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। बता दें कि दिल्ली में 27 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की थी और उसी दौरान उन्होंने इन सभी बातों को उनके समक्ष रखा तथा उन्होंने उत्तराखंड में एयर कनेक्टिविटी को बढ़ाने का अनुरोध भी केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से किया। जिसके बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री द्वारा पत्र लिखकर यह जानकारी दी गई है।